वाचस्पति रयाल @नरेंद्रनगर। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमराड़ा देवी में बागी की अरण्यक जन सेवा संस्था द्वारा अनेकों विषयों पर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में कॉलेज के छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम, धोखाधड़ी, नशाबंदी, दहेज उन्मूलन तथा डिजिटल साक्षरता पर विशेष जानकारियां दी गई।
कार्यशाला में देवप्रयाग के थाना अध्यक्ष महिपाल सिंह रावत, भरपूर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मुकेश देवराड़ी एवं अरण्यक जनसेवा संस्था के सचिव इंद्रजत रतूड़ी द्वारा कॉलेज के छात्र-छात्राओं , शिक्षक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को उक्त विषयों से संबंधित जानकारियां दी गई।
थाना अध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने साइबर क्राइम से बचने के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए, सभी से अनुरोध किया कि वे सड़क सुरक्षा के महत्व को समझें, तथा सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई के साथ पालन करें।
इस मौके पर भरपूर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मुकेश देवराड़ी ने छात्र-छात्राओं को डिजिटल साक्षरता के बारे में सविस्तार जानकारी दी। तथा संस्था द्वारा किए जा रहे जनहित कार्यों की सराहना करते हुए, संस्था में काम करने वाले पदाधिकारियों व सदस्यों के व्यवहार व कार्यों की प्रशंसा की।
कॉलेज के छात्र-छात्राओं की आयोजित प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वालों को आकर्षक पुरस्कारों से पुरस्कृत किया गया।
संस्था के सक्रिय व लगनशील पदाधिकारी दीपक सिंह द्वारा क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया गया।
दीपक ने कहा कि क्षेत्र में विगत दो महीनों से संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों में पुलिस विभाग तथा शिक्षा विभाग के सहयोग का संस्था आभारी रहेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि निरंतर संस्था द्वारा भविष्य में किए जाते रहने वाले कार्यों में पुलिस और शिक्षा विभाग द्वारा इसी तरह का सहयोग प्रदान किए जाते रहने की आगे भी उम्मीद बनी रहेगी।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को स्मार्टफोन, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को स्मार्ट वॉच देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में राधेश्याम रणाकोटी, अबल सिंह रावत,घृती जोशी, नवीन कुमार अजय उनियाल मनीष सिंह तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राएं व अन्य लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम का संचालन ममता पंवार द्वारा किया गया।
