घंटाकर्ण महोत्सव का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ, बोले– संस्कृति और पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • हरिद्वार और हिमालय की दिव्यता समेटे है गजा क्षेत्र – मुख्यमंत्री
  • मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना की
  •  शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया
  • क्षेत्रीय विधायक एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल भी रहे मौजूद

वाचस्पति रयाल@नरेंद्रनगर।

समुद्र तल से 8 हजार फीट की ऊँचाई पर स्थित भगवान घंटाकर्ण की तपोभूमि गजा में पहली बार त्रिदिवसीय घंटाकर्ण महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री सुबोध उनियाल ने किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना की तथा शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे महोत्सव स्थानीय आस्था, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गजा को पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक स्थल बताया, जहां से हरिद्वार, मां गंगा और हिमालय की पर्वतमालाओं के दिव्य दर्शन होते हैं।

उन्होंने कहा कि महोत्सवों से क्षेत्रीय विकास की नई आधारशिला रखी जाती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गजा क्षेत्र में 30 करोड़ की लागत से पॉलीटेक्निक, 24 करोड़ की लागत से हेंवलघाटी पंपिंग योजना सहित अनेक विकास कार्य चल रहे हैं। साथ ही, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु ‘हाउस ऑफ हिमालय’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजनाएं लागू की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बद्रीनाथ मास्टर प्लान, केदारनाथ पुनर्निर्माण, ऑल वेदर रोड, कृषि, ऊर्जा, फिल्म नीति और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में हो रहे कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण और भू-कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक माफिया जेल भेजे गए और करीब 23 हजार युवाओं को नौकरियां मिली हैं।

कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल ने गजा क्षेत्र के विकास के लिए 15 सूत्रीय मांग रखी, जिन्हें मुख्यमंत्री ने घोषणाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जिनका चयन एमबीबीएस, आईआईटी, एनआईटी और भारतीय नौसेना में हुआ है। साथ ही उन्होंने शहीद विक्रम सिंह नेगी के गांव की सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की घोषणा की।

महोत्सव में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और विभागीय स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी आयुष अग्रवाल, लोकगायक प्रीतम भरतवाण सहित बड़ी संख्या में गणमान्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz Open / Ai Website / Ai Tool
error: Content is protected !!